दैनिक हिंदुस्तान के मुताबिक अमृतसर से टाटानगर जाने वाली जलियांवाला बाग एक्सप्रेस में सिगरेट पीने से मना करने पर एक महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई.
अख़बार लिखता है कि एक महिला अपने परिवार के साथ इस ट्रेन में सफ़र कर रही थी. एक युवक उसी कंपार्टमेंट में सिगरेट पी रहा था. जब महिला ने उसे सिगरेट पीने से रोका तो उसने महिला के साथ मारपीट की. आरोप है कि युवक ने महिला के गिरते ही उसके गले पर पैर रख दिया. मूल रूप से बिहार के रोहतास ज़िले की रहने वाली चिंता देवी पंजाब में परिवार समेत एक फ़ैक्ट्री में काम करती थी. छठ पूजा के लिए वो गांव जा रही थीं.
बरेली के पास हुई इस वारदात के बाद जनरल कोच में अफरातफरी मच गई. सूचना मिलने पर जीआरपी ने शाहजहांपुर में ट्रेन को रुकवाकर महिला को अस्पताल भेजा, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. जीआरपी ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है
द स्टेट्समैन की ख़बर के मुताबिक़, 17 नवंबर से शुरू हो रही मंडला मक्कारविलक्कु तीर्थयात्रा के लिए एक बार फिर सबरीमला मंदिर के कपाट खुलेंगे. मंदिर में दर्शन के लिए दस से पचास साल की क़रीब 500 से अधिक महिलाओं ने अपना नाम रजिस्टर कराया है.
सूत्रों के मुताबिक़, ये बुकिंग 30 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है और पुलिस ऑनलाइन पोर्टल के ज़रिए पंजीकरण कराया जा सकता है. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभी तक 10 से 50 साल की 539 महिलाएं अपना नाम पंजीकृत करा चुकी हैं.
दिल्ली के पंजाबी बाग़ इलाके़ में नशे में धुत एक महिला ने एसयूवी गाड़ी को टक्कर मार दी.
हिंदुस्तान टाइम्स की ख़बर के अनुसार, इस हादसे में एक 38 वर्षीय महिला की मौत हो गई है जबकि उसकी 13 साल की बेटी बुरी तरह घायल हो गई है.
पुलिस ने बताया कि जिस कार से यह हादसा हुआ उसे 22 वर्षीय एक महिला चला रही थी और वो नशे में थी कि तभी गाड़ी डिवाइडर लांघते हुए दूसरी तरफ़ आ गई और इस एसयूवी से टकरा गई. पुलिस ने इस महिला को हिरासत में ले लिया है.
अमर उजाला ने पूर्व आरबीआई गवर्नर रघुराम राजन के बयान को अपने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अख़बार ने राजन के हवाले से लिखा है कि जीएसटी और नोटबंदी से आर्थिक विकास को झटका लगा है. राजन ने कहा कि जहां वैश्विक वृद्धि दर तेज़ी से बढ़ रही थी वहीं इन दो लगातार झटकों से भारत की आर्थिक रफ़्तार थम गई. राजन ने 7 प्रतिशत की मौजूदा विकास दर को नाकाफी बताया है.
No comments:
Post a Comment